Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के सेक्टर-85 क्षेत्र में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार वाहन ने सड़क हादसे को जन्म दे दिया। एलान मॉल के नजदीक एक इनोवा कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि ऑटो चला रहे 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान अंकेश के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के झौआ गांव का निवासी था। वह वर्तमान में गुरुग्राम के ढोरका गांव में रहकर ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 7 बजे वह अपने ऑटो से जा रहा था, तभी तेज रफ्तार इनोवा ने उसे टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और इनोवा को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। जांच अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




