Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
पूर्वी जिले के कल्याणपुरी थाने के हेड कांस्टेबल विक्रांत ने अपनी जान की परवाह न करते हुए एक हथियारबंद बदमाश को अकेले पकड़ा है। आरोपी की पहचान त्रिलोकपुरी के आसिफ उर्फ समीर उर्फ नेपाली के रूप में हुई है। पकड़े जाने के डर से बदमाश ने हेड कांस्टेबल को देखते हुए हवाई फायर किया और स्कूटी पर भागने की कोशिश की, लेकिन विक्रांत ने पीछा करके उसे अकेले ही धर दबोचा। उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा, तीन कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि रात करीब सवा दो बजे हेड कांस्टेबल विक्रांत अपनी गाड़ी से मयूर विहार की तरफ जा रहे थे। त्रिलोकपुरी के ब्लॉक-25 में कम्युनिटी बिल्डिंग के पास उन्होंने एक युवक को पिस्टल लिए देखा। तुरंत उन्होंने गाड़ी रोकी और आरोपी को चेतावनी दी। पुलिस कर्मी की आवाज सुनते ही आरोपी आसिफ ने हवा में एक गोली चला दी और अपनी लाल स्कूटी पर भागने की कोशिश की। लेकिन हेड कांस्टेबल विक्रांत ने हिम्मत नहीं हारी। वे पीछे दौड़े और अकेले ही आरोपी को पकड़ लिया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उससे एक देसी कट्टा व तीन कारतूस बरामद हुए। इस बारे में कल्याणपुरी थाने को सूचना दी गई। थाने की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान पता लगा कि आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।




