Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
नूंह। जिले के तावडू क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है, जबकि खनन विभाग को भी सूचना भेजी गई है।

पुलिस के अनुसार तावडू सदर थाना की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव छारौड़ा निवासी मुकीम उर्फ भोला पहाड़ी क्षेत्र में अवैध रूप से पत्थरों का खनन कर उन्हें ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ले जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पहाड़ी इलाके में दबिश दी। पुलिस वाहन को देखते ही पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली तेजी से मौके से निकल गई। मुखबिर ने चालक की पहचान मुकीम उर्फ भोला के रूप में की, जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा शुरू कर दिया।
बताया गया कि पीछा किए जाने के दौरान आरोपी ने रास्ते में ट्रॉली में भरे पत्थरों को एक खाली जगह पर उतार दिया और कुछ दूरी पर ट्रॉली छोड़कर ट्रैक्टर सहित फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से ट्रॉली को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया। जांच के दौरान ट्रॉली में हाल ही में पत्थर भरे जाने के निशान मिले। वहीं आरोपी द्वारा खाली किए गए पत्थरों के ढेर का भी निरीक्षण किया गया।
पुलिस ने आरोपी मुकीम उर्फ भोला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही पूरे मामले की जानकारी खनन विभाग को भी दे दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




