Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में मामूली कहासुनी खूनी झगड़े में बदल गई। सेक्टर-52 के कोयल विहार इलाके में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 7 जुलाई को थाना सेक्टर-53 में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 6 जुलाई की रात वह अपने दोस्त सागर के साथ कोयल विहार में एक खाली जगह पर गया था। वहां पहले से तीन युवक शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तीनों में से एक युवक ने सागर के पेट में चाकू मार दिया। वारदात के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना सेक्टर-53 और अपराध शाखा सेक्टर-43 की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को गांव घाटा की झुग्गियों से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य (25), पंकज (26) और देवेंद्र (19) के रूप में हुई है। तीनों फिलहाल गांव घाटा में रह रहे थे और मूल रूप से उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं।
पूछताछ में सामने आया कि घटना के समय तीनों आरोपी शराब पी रहे थे। इसी दौरान शिकायतकर्ता और उसके दोस्त से विवाद हुआ, जिसके बाद चाकू से हमला किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जाएगी ताकि वारदात में इस्तेमाल चाकू समेत अन्य साक्ष्य बरामद किए जा सकें। मामले की जांच अभी जारी है।




