
रक्षा करने वाले वीरों के साथ कंधे से कंधा
अजमेर, 8 मई। दरगाह अजमेर शरीफ के गद्दीनशीन हाजी सैय्यद सलमान चिश्ती ने ‘‘ऑपरेशन सिंदूर‘ को आतंकवाद के खिलाफ प्रचंड व न्यायपूर्ण उत्तर‘ बताया है।
दरगाह अजमेर शरीफ के गद्दीनशीन और चिश्ती फाउंडेशन चेयरमैन हाजी सैय्यद सलमान चिश्ती ने अपने एक संदेश में कहा, ‘हम भारत की वीर सेनाओं और हमारे राष्ट्र की निर्णायक नेतृत्व शक्ति को “ऑपरेशन सिंदूर” की साहसी और सटीक सफलता पर दिल से बधाई और गहरी कृतज्ञता अर्पित करते हैं। यह अभियान 22 अप्रैल को पहलगाम कश्मीर में निर्दाेष भारतीय नागरिकों पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले के खिलाफ एक प्रचंड और न्यायपूर्ण उत्तर है।
यह केवल एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि भारत का नैतिक ऐलान है… संपूर्ण विश्व को यह संदेश देने के लिए कि आतंकवाद मानवता पर एक अभिशाप है। जो भी निर्दाेषों के खिलाफ हिंसा को शरण देता है, उसे बढ़ावा देता है या उसे सहारा देता है, अब वह किसी भी बहाने, किसी भी छुपे ठिकाने में सुरक्षित नहीं रह सकता।
भारत अडिग खड़ा है… निडर, न्यायप्रिय और धर्मनिष्ठ। 140 करोड़ भारतीयों के एकजुट हृदयों के साथ, हमारे महान राष्ट्र ने यह स्पष्ट कर दिया है कि हम अधर्म और आतंक के आगे कभी नहीं झुकेंगे, बल्कि सच्चाई, सम्मान और संकल्प के साथ उठ खड़े होंगे। यह संदेश अब स्पष्ट है… जो आतंक का पोषण करेंगे, उन्हें एक शांतिप्रिय और संप्रभु राष्ट्र के दृढ़ प्रतिकार का सामना करना होगा।
हम भारतवासी, जो प्रेम, एकता और मानवता की सेवा पर आधारित आध्यात्मिक विरासत के उत्तराधिकारी हैं, पहलगाम के शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं और अपने देश की रक्षा करने वाले वीरों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।
आज जरूरत है कि दुनिया के सभी लोग… धर्मगुरु, नागरिक, और देश कृ एक साथ आएं, और इस आतंकवाद नामक पाप का समूल नाश करें ताकि जीवन की पवित्रता और हमारे साझा विश्व में शांति बनी रहे।‘