गुरुग्राम , 7 फरवरी 2026
गुरुग्राम के थाना सेक्टर-37 क्षेत्र में कार चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई कार भी बरामद कर ली है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 01 फरवरी 2026 को एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-37, गुरुग्राम में लिखित शिकायत दी थी कि 31 जनवरी 2026 को हरीनगर क्षेत्र से उसकी कार किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई है। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-37 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने 5 फरवरी 2026 को हीरो होंडा चौक, गुरुग्राम से एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

आरोपी की पहचान संदीप (30 वर्ष), निवासी कालकपुर, जिला कानपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी को 6 फरवरी 2026 को माननीय अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया।
पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी शिकायतकर्ता के जीजा का भाई है। आरोपी ने लालच में आकर अपने ही रिश्तेदार की कार चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई कार बरामद कर ली है। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को आज 07 फरवरी 2026 को पुनः माननीय अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।



