नई दिल्ली/रेवाड़ी। केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राव इंद्रजीत सिंह का जन्मदिन मंगलवार को उत्साहपूर्वक मनाया गया। रेवाड़ी जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिल्ली स्थित लोधी रोड आवास पर पहुंचे और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

डॉ. वंदना पोपली ने राव इंद्रजीत सिंह को पुष्पगुच्छ भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा की कामना करते हुए उन्हें दक्षिण हरियाणा के विकास का प्रमुख स्तंभ बताया। हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री आरती राव को भी शुभकामनाएं दी गईं। डॉ. पोपली ने कहा कि राव इंद्रजीत सिंह केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि दक्षिण हरियाणा की जनता की आवाज और क्षेत्र की अस्मिता के प्रतीक हैं। उनके नेतृत्व में रेवाड़ी, गुरुग्राम और महेंद्रगढ़ सहित अहिरवाल क्षेत्र में ढांचागत विकास और औद्योगिक प्रगति को नई गति मिली है।

राव इंद्रजीत सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया और उनसे आत्मीय संवाद किया। इसे उनके जमीन से जुड़े नेतृत्व का प्रमाण बताया गया।
डॉ. पोपली ने बताया कि 11 फरवरी को जन्मे राव इंद्रजीत सिंह का राजनीतिक सफर जनहित और विकास के प्रति समर्पित रहा है। वे स्वर्गीय राव बीरेंद्र सिंह के पुत्र हैं और अपनी राजनीतिक विरासत को गरिमा के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। वे पिछले दो दशकों से लोकसभा सदस्य हैं तथा रक्षा, सांख्यिकी और योजना जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों का दायित्व संभाल चुके हैं।
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष हुकम चंद यादव सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि राव इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में दक्षिण हरियाणा विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।



