मानेसर, 11 फरवरी।
नगर निगम मानेसर की मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव ने बुधवार को गांव हयातपुर में निगम द्वारा निर्मित नए कम्युनिटी सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया। करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से तैयार यह कम्युनिटी सेंटर गांव के सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उद्घाटन समारोह के दौरान मेयर ने गांव के समग्र विकास के लिए 22 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की भी घोषणा की, जिन्हें वित्त एवं संविदा कमेटी द्वारा मंजूरी प्रदान की जा चुकी है।

अपने संबोधन में मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव ने कहा कि गांव हयातपुर के लोगों ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उस विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की जनता उनके लिए परिवार के समान है और पूरे निगम क्षेत्र को वह अपना घर मानती हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि गांवों को भी शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनका लक्ष्य है।
मेयर ने जानकारी देते हुए बताया कि 22 करोड़ रुपये की स्वीकृत विकास परियोजनाओं में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और इंडोर बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण प्रमुख है। इसके अलावा गांव में सड़कों का निर्माण और मरम्मत, नालियों का विकास, स्ट्रीट लाइट्स की स्थापना और पार्कों का सौंदर्यीकरण जैसे कार्य भी किए जाएंगे। इन परियोजनाओं के पूरा होने से गांव के युवाओं को खेल सुविधाएं मिलेंगी, वहीं आधारभूत ढांचे में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।

उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं के विकास से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलेगी और वे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ सकेंगे। साथ ही बेहतर सड़क, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता सुविधाओं से ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।
इस अवसर पर पार्षद भूपेंद्र, रवि यादव, रविंद्र यादव, जुगमिंदर, रामप्रकाश सहित नगर निगम के अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और विकास कार्यों की घोषणा पर प्रसन्नता व्यक्त की।



