Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस नशे की लत को खत्म करने के लिए लगातार जोर लगा रही है। एक तरफ नॉर्थ वेस्ट जिले में बाजारों और कॉलोनियों में नुक्कड़ नाटक कर लोगों को जागरूक जा रहा है, वहीं आउटर जिले के स्कूलों में 31 हजार से ज्यादा छात्रों ने नशा मुक्त भारत अभियान की शपथ ली है।

नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली पुलिस ने ‘नशा नॉट कूल’ थीम के तहत भारत नगर जेजे कॉलोनी, केशवपुरम, अशोक विहार के दीप मार्केट, मॉडल टाउन मार्केट कॉम्प्लेक्स और मुकर्जी नगर के बत्रा सिनेमा समेत कई जगहों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया। नाच-गाने के जरिए युवाओं को नशे की बुराइयों के बारे में बताया गया। लोगों ने बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम को देखा और तालियां बजाकर समर्थन जताया।
इसी तरह आउटर जिले में भी नशे के खिलाफ बड़ी मुहिम चली।
बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने सैनिक विहार के पीएम श्री केवीएसएस स्कूल और बैंक विहार के क्रिसेंट पब्लिक स्कूल में छात्रों को नशा मुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाई। उन्होंने छात्रों को समझाया कि नशा न सिर्फ खुद को, बल्कि पूरे परिवार, समाज और देश के भविष्य को बर्बाद कर देता है। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे नशे से दूर रहें, अनुशासित और स्वस्थ जीवन जीएं, अपने दोस्तों, परिवार और मोहल्ले में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाएं। आउटर जिले के सभी एसएचओ भी अपने-अपने इलाकों के स्कूलों में पहुंचे। वहां लगभग 100 स्कूलों में कुल 31 हजार छात्रों को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई।
स्कूलों व केमिस्ट के बाहर पोस्टर लगाए
स्कूलों के बाहर और केमिस्ट की दुकानों पर ‘नशे से दूर रहो’ वाले पोस्टर लगाए गए। साथ ही लोगों के हाथों में नशे के खिलाफ मैसेज वाली पट्टियां बांधी गईं। दोनों जिलों में पुलिस की यह कोशिश लोगों को बहुत पसंद आई। छात्रों ने उत्साह से शपथ ली और कहा कि वे नशे के खिलाफ आवाज उठाएंगे।
स्थानीय लोगों से सीधा संवाद
नॉर्थ वेस्ट और आउटर जिले की पुलिस ने सोशल मीडिया, रेडियो और आम लोगों से सीधा संवाद भी शुरू किया है। पुलिस का मानना है कि नशा एक बड़ी समस्या है और इसे खत्म करने के लिए पूरे समाज को साथ आना होगा। दिल्ली पुलिस ने सभी नागरिकों, खासकर माता-पिता और शिक्षकों से अपील की है कि वे युवाओं पर नजर रखें। नशे को लेकर जागरूक करें।




