Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले तीन लोगों को गुरुग्राम साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन, 5 पासबुक, 16 चेकबुक और 18 एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत कुमार शाह (बलिया), प्रदुम (आजमगढ़) और विनय (सुल्तानपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को 8 जुलाई को गुरुग्राम के डूंडाहेड़ा इलाके से पकड़ा।
जांच में सामने आया कि आरोपी आधार कार्ड में पता बदलवाकर अलग-अलग बैंकों में 10 से ज्यादा खाते खुलवाते थे। बाद में इन खातों की पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज साइबर ठगी करने वाले गिरोह को करीब 5 हजार रुपये प्रति खाते के हिसाब से उपलब्ध कराते थे।
पूछताछ में विनय ने बताया कि वह पहले एक अन्य व्यक्ति के जरिए इस काम से जुड़ा था। बाद में उसने अजीत और प्रदुम को भी इस नेटवर्क में शामिल कर लिया।
पुलिस के अनुसार, बरामद बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के खिलाफ साइबर क्राइम पोर्टल पर पहले से तीन शिकायतें दर्ज मिली हैं। जब्त किए गए मोबाइल और बैंकिंग दस्तावेजों की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह के जरिए कितने लोगों से ठगी की गई और इसमें कौन-कौन शामिल है।




