गुरुग्राम: 11 फरवरी।
गुरुग्राम के कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक अज्ञात व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा आईएमटी मानेसर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर लगने के बाद व्यक्ति डिवाइडर पर जा गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना एक स्क्रैप कारोबारी ने पुलिस को दी। प्रयागराज जिले के रामनगर गांव निवासी विकास ने अपनी शिकायत में बताया कि केएमपी के किनारे बासलंबी गांव में उसका स्क्रैप का गोदाम है। सुबह जब वह गोदाम से बाहर निकला तो उसने एक्सप्रेसवे के बीच बने डिवाइडर पर एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसके शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही आईएमटी मानेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।
जांच अधिकारी हरजीत सिंह ने बताया कि फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। टीम ने आवश्यक भौतिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि हादसे में शामिल वाहन की पहचान की जा सके।
फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



